कुरुक्षेत्र। एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के नीचे से गुजरने वाले रास्तों को सुगम बनाने के लिए निर्माण कार्य तेज कर दिया गया है। पुराने बस अड्डे के पास अंडरपास करीब दस दिन पहले जनता को समर्पित किया जा चुका है।
वहीं, अब बीआर आंबेडकर चौक से बाजार जाने वाली सड़क, बिरला मंदिर से मुख्य बाजार जाने वाले मार्ग और जिला नागरिक अस्पताल के सामने सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। थर्ड गेट के पास सड़क पहले ही बनाई जा चुकी है, जबकि अब इसका चौड़ीकरण किया जाना है।
करीब 245 करोड़ रुपये से बने एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के नीचे सड़कों का निर्माण नहीं होने से राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही थी। अब निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे स्टेशन अधीक्षक शंकर लाल मीणा ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए रेलवे विभाग लगातार काम कर रहा है। कार्य पूरा होने पर राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी।