लाडवा। विदेश जाकर अपना भविष्य संवारने और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के सपने देख रहे लाडवा निवासी अमन सैनी की करनाल में चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। दो बहनों का इकलौता भाई अमन परिवार की उम्मीदों का सहारा था, लेकिन उसकी हत्या से पूरा परिवार सदमें में आ गया है। हत्या की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पिता राजकुमार सैनी लाडवा में साइकिल रिपेयरिंग की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। अमन की एक बहन की शादी हो गई है जबकि दूसरी अभी अविवाहित है।
अमन सैनी अपने दोस्त रमन के साथ गया था करनाल
जानकारी के अनुसार, अमन सैनी अपने दोस्त रमन के साथ करनाल अस्पताल में भर्ती रमन की मौसी के बेटे को देखने पहुंचे थे। रमन अपने दोस्त अमन के साथ अपनी मौसी के घर न्यू बहादुर चंद कॉलोनी स्थित न्यू वाल्मीकि बस्ती में जा रहा था। रात करीब 11 बजे जब दोनों बाला जी मंदिर के पास पहुंचे तो वहां पहले से घात लगाकर बैठे चार से पांच युवकों ने उन्हें घेर लिया। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने बिना किसी बहस के अचानक अमन पर चाकुओं से वार शुरू कर दिए। जान बचाने के लिए अमन सैनी ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और लगातार वार करते रहे। वारदात के दौरान उसके साथ मौजूद दोस्त रमन को हमलावरों ने कोई चोट नहीं पहुंचाई। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। इसके बाद रमन ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ अमन को उपचार के लिए करनाल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे।