हरियाणा में कोई आईआईएम भी है या नहीं, इसके बारे में ना सवाल तो सवाल पूछने वाली छात्रा को पता था और ना ही जवाब हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को। हद तो तब हो गई जब सवाल पर तपाक से जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने छात्रा को संतुष्ट करते हुए यहां तक कह डाला कि सरकार इस बारे में केंद्र सरकार को पत्र लिख चुकी है। वे भी चाहते हैं कि हरियाणा में भी एक आईआईएम जरूर होनी चाहिए, मगर इसके लिए कुछ नियम आडे़ आ रहे हैं, लेकिन इतना कहते ही केयू के श्रीमद्भगवद गीता सदन में फुसफुसाहट शुरू हुई और बात मंच तक पहुंची कि रोहतक में एक आईआईएम पहले से मौजूद है।
खैर, गलती सुधारते हुए मुख्यमंत्री भी बोले हां, हरियाणा में तो आईआईएम है। दरअसल, उक्त सवाल-जवाब शुक्रवार को कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में श्रीमद्भगवद गीता सदन में युवाओं द्वारा रखे गए कनेक्ट टू सीएम प्रोग्राम में हुआ। यहां लाडवा से आई छात्रा श्वेता सैनी ने सीएम से प्रदेश में आईआईएम संस्थान खोलने की मांग सीएम से की थी,मगर उक्त जवाब के बाद सीएम ने कहा कि रोहतक में यह संस्थान पहले से ही खुला हुआ है। अब इसके साथ प्रदेश में जींद, भिवानी व रेवाड़ी में नए मेडिकल कालेज खोले जा रहे है तथा पंचकूला में आयुर्वेद का एम्स खोला जाएगा। दरअसल,उक्त सवाल-जवाब शुक्रवार को कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में श्रीमद्भगवद गीता सदन में युवाओं द्वारा रखे गए कनेक्ट टू सीएम प्रोग्राम में हुआ।
इस कार्यक्रम की खास बात ये रही कि तमाम सवाल-जवाब पूर्ण रुप से व्यवस्थित माहौल में जारी रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कुछ कहानियां सुनाकर युवाओं को गुदगुदाने और जागरूक करने का प्रयास भी किया। मुख्यमंत्री का फोकस भ्रष्टाचार मुक्त शासन, व्यवस्था और शिक्षा और रोजगार के साथ महिला सुरक्षा पर रहा। भले एसएफआई के कुछेक नेताओं सहित विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों ने उक्त कार्यक्रम को संघ का एजेंडा,पार्टी का प्रचार और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का प्रायोजित प्रोग्राम बताया,मगर हरियाणा हाऊसिंग बोर्ड के चेयरमैन जवाहर यादव कार्यक्रम का संचालन के दौरान यह बात कई बार दोहराने से नहीं चूके कि यह कार्यक्रम ना तो भाजपा का है और ना ही सरकार का विशुद्ध रूप से आम युवाओं का अपने मुख्यमंत्री से सीधा संवाद है। इस कार्यक्रम में किसी भी राजनीतिक दल या संगठन के युवा नहीं,बल्कि साधारण छात्रों को ही शामिल किया गया है।
छात्रों के सवाल और सीएम के जवाब
1-छात्र संदीप द्वारा शिक्षा के सुधार पर पूछा गया सवाल
सीएम का जवाब-छात्राओं के लिए 20 किलोमीटर की परिधि में महिला कालेज खोले हैं तथा छात्राओं के लिए 105 रुटों पर छात्रा स्पेशल बसे चलाई हैं।
2-एक छात्र ने सीएम से पूछा कि भाजपा के घोषणा पत्र में से युवाओं के लिए की गई 17 में से एक भी घोषणा पूरी नहीं हुई
सीएम का जवाब-अभी सरकार को ढाई साल हुए हैं और ढाई साल का वक्त है,घोषणा पत्र पांच साल के लिए है,उसमें हर घोषणा को पूरा किया जाएगा। अब तक करीब 3 हजार 548 घोषणाएं हुई, जिनमें 1 हजार 450 घोषणाएं पूर्ण कर दी गई तथा दो हजार 100 घोषणाओं पर कार्य किया जा रहा हैं।
3-छात्रा उषा गुप्ता के सामान्य जाति में नौकरियों मेे भेदभाव के प्रश्न किया
सीएम का जवाब- प्रदेश सरकार पारदर्शी ढंग से नौकरियां दे रही है तथा भेदभाव जैसी स्थिति खत्म की हैं। श्रेणी ए व बी की नौकरियों में साक्षात्कार की सीमा 12 प्रतिशत तक तथा चतुर्थ श्रेणी में इसे खत्म किया हैं।
4-छात्र संदीप ने सरकार के ढाई साल की अवधि में सरकारी नौकरियों से सम्बन्धित जानकारी मांगी
सीएम का जबाव-40 हजार पदों के लिए विज्ञापन निकाला गया, जिनमें 32 हजार के साक्षात्कार व लिखित परीक्षाएं जारी है,करीब 11 हजार लोगों को नौकरियां दी जा चुकी है।
5-छात्र जसविंद्र ने सीएम से लाडवा में रेलवे लाइन की मांग की
सीएम का जवाब-सरकार ने यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, पिहोवा पटियाला रेलवे लाईन के सर्वे की मांग के लिए रेलवे मंत्रालय को लिखा गया गया हैं।
6-छात्र साहिल के लिंक मार्गो की दशा ठीक न होने सम्बन्धी प्रश्र किया
सीएम का जवाब-गुरुग्राम व रोहतक मेें मोबाईल एप के माध्यम से गंदगी सम्बन्धी जानकारी नगर निगम को दी जाती है। अभी गुरुग्राम में 792 स्थानों की सफाई की गई। सरकार मार्गो के सम्बन्ध में भी ऐसी योजना पर विचार करेगी।
7-दिव्यांग सुनील ने दिव्यांग आयोग बनाने, नौकरियों में बैकलॉग पूरा करने तथा अन्य सुविधाएं देने का सवाल उठाया
-सीएम का जवाब- प्रदेश में ऐसा आयोग बना दिया गया है। इसी प्रकार नौकरियों में उनके बैकलॉग को जल्द पूरा किया जाएगा तथा अब 60 प्रतिशत दिव्यांग को भी पेंशन देने का निर्णय लिया गया है।
सोशल मीडिया के जवाब भी दिए सीएम
मौके पर ही सोशल मीडिया के माध्यम से हरेंद्र सैनी ने प्रदेश के लिंगानुपात को सुधारने से संबंधित जानकारी मांगी थी। इसके जवाब में सीएम ने कहा कि अब तक लिंग जांच में संलिप्त 300 स्थानों पर छापे मारे गए तथा 200 से अधिक को जेल में भेजा गया। सरकारी विभागों व एनजीओ के जागरुकता अभियानों की बदौलत इस वर्ष मार्च महीने का लिंगानुपात 950 तक पहुंचा जो कि एक बड़ी उपलब्धि थी।
सीएम सर हमारी यूनिवर्सिटी में रिजल्ट आठ माह बाद आता है
छात्रा सोनम ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में परीक्षा परिणाम में देरी व परिणाम प्रक्रिया में सुधार की मांग पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इस बारे में आवश्यक कार्रवाई की जाए। वहीं एक छात्रा ने प्रश्न किया कि ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियां व उनके मां-बाप उच्च शिक्षा के लिए दूर भेजनें में असुरक्षा महसूस करते है जिस पर सीएम ने कहा कि अब धीरे-धीरे सोच में परिवर्तन आ रहा है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार ने हर जिला में महिला थाने खोले तथा पुलिस विभाग में महिलाओं की और भर्ती करते हुए इसे 10 फीसदी तक पहुंचाया गया हैं। इसे भविष्य मेें 33 प्रतिशत तक पहुंचाया जाएगा।