बच्चों का दाखिला न होने से गुस्साए अभिभावकों ने निकाला मार्च
- फोटो : Amar Ujala
निजी स्कूलों की मनमानी के चलते बुधवार को अभिभावकों ने लाडवा में आक्रोश मार्च निकाला और सरकार विरोधी नारेबाजी की। अभिभावक संघ लाडवा के बैनर तले अभिभावकों ने नारेबाजी करते हुए शिक्षामंत्री का पुतला फूंकने का प्रयास किया जिसे पुलिस ने विफल कर दिया। पिछले कई दिन से 134ए नियम के तहत पात्र बच्चों को निजी स्कूल में दाखिला न मिलने से अभिभावकों का बुधवार को आक्रोश फूट पड़ा।
अभिभावकों ने इकट्ठे होकर निजी स्कूलों और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आक्रोश मार्च निकाला। आक्रोश मार्च शहर की सड़कों से होकर महाराजा अग्रसेन चौक स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने पहुंचा। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर अभिभावक अपने साथ लाए शिक्षा मंत्री के पुतले को फूंकने की तैयारी कर रहे थे तो लाडवा थाना प्रभारी रमेश कुमार ने उन्हें समझाने का प्रयास किया।
थाना प्रभारी के समझाने के बावजूद जब अभिभावक पुतला फूंकने पर अडे़ रहे तो पुलिस ने अभिभावकों से जबरन पुतला छीन लिया। अभिभावकों दीपक प्रभाकर, सुमित गोयल, विकास शर्मा, जयसिंह, जसविंद्र, कृष्ण कुमार, पूनम, राकेश, मुशर्रफ अली, सविता, सुमन, मेघा और सीमिया ने बताया कि सरकार के 134 ए नियम के तहत उनके बच्चों ने परीक्षा पास कर ली थी और उनको शिक्षा विभाग ने स्कूल भी अलॉट कर दिए थे लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी उनके बच्चों का स्कूलों में दाखिला नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों जिला शिक्षा अधिकारी सुमन आर्य ने उन्हें 25 अप्रैल तक दाखिला करवाने का आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक न तो उनके बच्चों का दाखिला हुआ है और न ही नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी रामेश्वर दास सैनी ने अभिभावकों को समझाते हुए कहा कि सारे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों के पास है और शीघ्र ही मामले का हल निकाला जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से इसके लिए दो दिन का समय मांगा।