नगर पालिका के सचिव अंकुश पराशर ने कहा कि कोरोना वायरस एक वैश्विक महामारी घोषित की जा चुकी है। इस महामारी से बचाव के लिए 14 अप्रैल तक लॉकडाउन के आदेश दिए गए है, इस दौरान लोगों को घरों में ही रहने की हिदायत दी गई है। इतना ही नहीं नगर पालिका की तरफ से वायरस से बचाव के लिए सामुदायिक शौचालयों, सरकारी भवनों को सैनिटाइज किया जा रहा है। नपा सचिव अंकुश पराशर ने सोमवार को नपा के अधिकारियों और कर्मचारियों को सैनिटाइजेशन को लेकर कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नपा सचिव ने एसडीएम सोनू राम के आदेशानुसार नगर पालिका के सभी सफाई कर्मचारियों, फायर बिग्रेड के कर्मचारियों और कोरोना वायरस के संक्रमित व्यक्ति की मृत्यु को लेकर 5 लोगों की बनाई गई टीम को भी पीपीई किट वितरित की गई। इसके अलावा गलव्स, मास्क और सैनिटाइजर भी उपलब्ध करवाए गए। नपा सचिव ने कहा कि एसडीएम के आदेशानुसार कोरोना वायरस के कारण मृत्यु होने वाले व्यक्ति का संस्कार करने के लिए कैथल रोड़ पर स्थिति शिव धाम को चिह्नित किया गया है, इसके अलावा मुस्लिम समुदाय के लिए धूलगढ़ भेरिया गांव में कब्रिस्तान व ईसाई समाज के लिए वार्ड 14 में जगह तय की है। उन्होंने कहा कि सरकारी भवनों को सैनिटाइज करने का अभियान तेजी से चलाया जा रहा है और इसके लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है जो नियमित रुप से सरकारी भवनों को सैनिटाइज करेंगी।