पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद अब मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ने लगी है। उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से हरियाणा में अगले दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। हिसार के बालसमंद में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। महेंद्रगढ़ में 9 और करनाल में 9.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान में किसी मौसम प्रणाली का प्रभाव नहीं है। ऐसे में 24 नवंबर से तेज उत्तरी-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है। इससे हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी। मंगलवार और बुधवार से कुछ स्थानों पर रात का तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक रहेगा। इस दौरान कोहरा छाने की भी संभावना है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल प्रदेश में रात का तापमान 8 से 11 डिग्री और दिन का तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। महेंद्रगढ़ में दिन का तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। आने वाले दिनों में पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी दिखाई देगा।
सर्दी गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद साबित होगी
कुरुक्षेत्र में ठंड लगातार बढ़ रही है। 8 किलोमीटर प्रति घंटा गिरफ्तार से सर्द हवाएं ठंड को और बढ़ा रही है। हालांकि पिछले तीन दिन से सुबह के समय धुंध से कुछ राहत मिली है लेकिन ठंड अपना पूरा असर दिख रही है। सुबह शाम के समय ठंड का पूरा अहसास हो रहा है तो इसका असर दिन में भी दिखाई देता है।
तापमान लगातार घट रहा है। अधिक तापमान 25 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कृषि विशेषज्ञ डॉक्टर सीबी सिंह का कहना है कि बढ़ रही सर्दी गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद साबित होगी। बढ़ती सर्दी के बीच गेहूं का जमाव अधिक होगा तो वही यह मौसम सब्जियों की फसल के पूरी तरह से अनुकूल है।