कुरुक्षेत्र। जिले में शीतलहर का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को करीब 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं और पूरे दिन आसमान में बादलों की मौजूदगी के कारण वातावरण में ठिठुरन बनी रही। न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।
बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह और शाम के समय सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ी।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. ममता ने बताया कि आने वाला पूरा सप्ताह कड़ाके की सर्दी वाला रहेगा। उन्होंने कहा कि न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है जिससे शीतलहर का प्रभाव और बढ़ेगा। उन्होंने लोगों को सुबह-शाम अनावश्यक बाहर न निकलने और गर्म कपड़ों का प्रयोग करने की सलाह दी है।
ठंड बढ़ने के कारण जिला प्रशासन ने भी सतर्कता बरतने की अपील की है। विशेषकर खुले में रहने वाले जरूरतमंदों के लिए रैन बसेरों में व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। आने वाले दिनों में शीतलहर का असर और तेज होने से जनजीवन पर इसका प्रभाव बना रहने की संभावना है।
आगे ये रहेगा तापमान
दिन अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
बुधवार 16 डिग्री सेल्सियस 6 डिग्री सेल्सियस
वीरवार 16 डिग्री सेल्सियस 5 डिग्री सेल्सियसं
शुक्रवार 16 डिग्री सेल्सियस 5 डिग्री सेल्सियस
शनिवार 17 डिग्री सेल्सियस 4 डिग्री सेल्सियस
रविवार 16 डिग्री सेल्सियस 4 डिग्री सेल्सियस
सोमवार 16 डिग्री सेल्सियस 6 डिग्री सेल्सियस
मंगलवार 15 डिग्री सेल्सियस 4 डिग्री सेल्सियस