नमकीन भुजिया और ब्रांडेड कंपनी कोल्ड ड्रिंक पीने से पिता, पुत्री और दो पुत्रों सहित चार की हालत बिगड़ गई। बाद में उन्हें अस्पताल में दाखिल कराना पड़ा। यह घटना उस वक्त हुई जब तीनों बच्चों की माता अपने मायके नजदीक के गांव में थी। इधर पड़ोसियों ने जब घटना की सूचना मायके में दी और उपरोक्त चारों पीड़ितों को प्राइवेट अस्पताल में दाखिल कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते चारों को कुरुक्षेत्र के जिला अस्पताल में रेफर करना पड़ा। चारों पीड़ितों का इलाज लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में चल रहा है। डाक्टरों के मुताबिक इनकी हालत स्थिर है और खतरे से बाहर है।
बताया गया है कि गांव सुनारिया वासी कर्मवीर सिंह, उनकी पुत्री अनुराधा, पुत्र अमन और अंकित ने रविवार रात को कोल्ड ड्रिंक के साथ नमकीन भुजिया का सेवन किया था। इसके बाद इनकी तबीयत खराब हो गई। परिवार वालों ने तबीयत खराब होने के चलते निकट के प्राईवेट अस्पताल में दाखिल कराया था और साथ कर्मवीर की पत्नी सुनीता को सूचित किया गया। सुनीता और उनके भाई सोहन लाल ने बताया कि सोमवार को उन्हें इस घटना की जानकारी मिली थी, जिसके बाद वे तुरंत अस्पताल पहुंचे। लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड तैनात मेडिकल आफिसर ने इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला बताया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी दुकानदार के खिलाफ कोई कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली।
धड़ल्ले से हो रही घटिया खाद्य सामग्री की बिक्री
कर्मवीर की पत्नी के भाई सोहन लाल ने बताया कि कोल्ड ड्रिंक की बोतल को उन्होंने चेक किया था। उन्हें शक था कि शायद कोल्ड ड्रिंक एक्सपायरी हो, मगर ऐसा नहीं था। वहीं नमकीन भुजिया में खराबी होने पर भी शक जताया जा रहा है। गौरतलब है कि केवल ग्रामीणांचल में ही नहीं, बल्कि शहरों में भी घटिया खाद्य सामग्री की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है।
लिए जाएंगे सैंपल : डीएचओ
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. एनपी सिंह के मुताबिक गांव सुनारिया में हुई घटना का मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा जिला स्वास्थ्य विभाग घटिया खाद्य सामग्री की बिक्री करने वालों पर लगातार कार्रवाई कर रहा है और सुनारिया में भी सैंपल लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि लोकल कंपनी के शीतल पेय पर विभाग की नजर है और पिछले दिनों पिहोवा में सैंपल लिए गए थे और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कटे हुए और खुले में रखे फलों का सेवन ना करें। यदि आपके आसपास कोई घटिया और मिलावटी सामग्री की बिक्री हो रही है तो इसकी सूचना विभाग को दें।