कुरुक्षेत्र। जिले की 49 निजी एवं पंचायत खेल नर्सरियों के कोच पिछले छह महीने से वेतन के बिना काम कर रहे हैं। इससे खिलाड़ियों का भविष्य अंधकारमय दिख रहा है। सरकारी नर्सरियों के कोचों को समय पर भुगतान मिल रहा है, लेकिन निजी प्रशिक्षकों को महीनों से वेतन नहीं मिला है। प्रत्येक नर्सरी में लगभग 25 खिलाड़ी नियमित रूप से प्रशिक्षण ले रहे हैं। कोच सुबह और शाम दोनों समय मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करते हैं। करीब 10 कोचों ने नाम न छापने की शर्त पर अपनी समस्या बताई। उन्होंने बताया कि पिछला सत्र 31 जनवरी को समाप्त हुआ था। इसके बाद 2 अप्रैल को नए सत्र के लिए 49 नर्सरियों की सूची जारी हुई। नए सत्र के अप्रैल, मई और जून का वेतन अभी तक जारी नहीं हुआ है। पिछले सत्र के नवंबर से जनवरी माह का बकाया भी बचा हुआ है। इस तरह कुल छह महीने से इन कोचों को तनख्वाह नहीं मिली है।
वेतन का प्रावधान और बकाया
कोचों के अनुसार, जनवरी से मार्च तक के तीन महीनों के वेतन का प्रावधान सरकार की तरफ से नहीं है। हालांकि, इन महीनों में भी वे लगातार अपनी सेवाएं देते रहे हैं। एक वर्षीय एनआईएस कोर्स करने वाले कोच को 25 हजार रुपये प्रतिमाह मिलते हैं। वहीं, छह सप्ताह का एनआईएस कोर्स करने वाले कोच को 20 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय तय है। बिना वेतन के काम करना उनके लिए बहुत मुश्किल हो गया है।
उपकरणों की कमी और प्रभाव
वेतन के साथ-साथ खेल नर्सरियों में खेल उपकरणों की कमी भी एक बड़ी समस्या है। कोचों का कहना है कि समय पर उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते हैं। उन्हें अक्सर पंचायत और खेल विभाग के बीच चक्कर लगाने पड़ते हैं। कुछ कोच आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों के लिए अपनी जेब से खेल सामग्री खरीदते हैं, पर यह सभी के लिए संभव नहीं है।
जिनको नर्सरी नहीं मिली वे ज्यादा परेशान
नर्सरियों के कोच ने बताया कि कई नर्सरी ऐसी है जो पिछले सत्र के मुकाबले इस साल दोबारा नहीं मिली है। जिस वजह से वे कोच ज्यादा परेशानियों में हैं। उनका कहना है कि ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए ताकी सभी की सैलरी, बच्चों की डाइट का पैसा आदि समय पर आ सके।
फाइल भेज रखी है, जल्द जारी होगा भुगतान : डीएसओ
जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि नए सत्र के तीन महीने के मानदेय से संबंधित फाइल उपस्थिति के आधार पर विभाग को भेज दी गई है। जिसका भुगतान जल्दी ही हो जाएगा। जो पिछले सत्र के बकाया भुगतान की फाइल है उसे पहले ही मुख्यालय भेजा जा चुका है। हम इसको लेकर विभाग को लगातार संपर्क कर रहे हैं। यह भुगतान खेल विभाग के स्तर पर होना है और जो जल्द ही जारी हो जाएगा, साथ ही कई कोच के खाते अपडेट नहीं हो पा रहे थे उनको भी अपडेट किया हैं।