कुरुक्षेत्र। नगर परिषद की ओर से शहर को स्वच्छ बनाने का अभियान शुरू किया गया है, जो 31 मई तक जारी रहेगा। मंगलवार को पिपली चिड़िया घर से गीता द्वार, नया बस स्टैंड, मोहन नगर और कंडा चौक पर यह अभियान चलाया गया, जहां जिला नगर आयुक्त सतेंद्र सिवाच ने निरीक्षण किया। इस दौरान पिपली बस स्टैंड के पास डस्टबिन न रखने पर दो दुकानदारों के चालान भी किए गए।
उन्होंने रेहड़ी वालों को कहा कि वे अपने डस्टबिन रखें और नगर परिषद की तरफ से आने वाले टिप्परों में कूड़ा डालें। इस दौरान यदि कोई रेहड़ी या दुकानदार के पास डस्टबिन नहीं मिलता है तो उसका चालान किया जाएगा और सामान भी जब्त करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहीं पर भी कचरा फेंकने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। डीएमसी ने कहा कि जब तक आमजन का सहयोग नहीं मिलेगा तब तक नगर परिषद थानेसर द्वारा चलाए गए सफाई अभियान के लक्ष्य पूरा नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि जिले की सभी कमेटियों व नगर परिषद में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। ईओ और सचिव स्तर के अधिकारी लगातार फील्ड में रहकर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई के प्रति जागरूक, सफाई कर्मचारियों का सम्मान व स्वच्छता के कार्य में ज्यादा से ज्यादा जन भागीदारी करना सुनिश्चित किया जाएगा। लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक व अन्य जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। यह टीम लोगों के बीच जाकर उन्हें स्वच्छता का महत्व समझाएंगी। इसके अलावा सफाई कर्मचारियों की टीम घर-घर जाकर पंफलेट के माध्यम से भी गीला व सूखा कचरा अलग-अलग रखने के लिए मैसेज दे रही है।
इस मौके पर सफाई निरीक्षक प्रदीप कुमार, राकेश लिपिक,आईईसी एक्सपर्ट वीरेंद्र कुमार भारद्वाज, अनूप सिंह, राजेश कुमार, सफाई दरोगा बनारसी व अशोक कुमार अपनी टीम सहित मौजूद रहे।