नगरपालिका पिहोवा ने वीरवार को गुरूद्वारा रोड व मेन बाजार से अतिक्रमण हटाया। पालिका की टीम सुबह करीब 10 बजे अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई करने के लिए गुरुद्वारा रोड पहुंची, जहां पर टीम को देखकर स्थानीय दुकानदारों का गुस्सा फूट गया। इस दौरान पालिका सचिव अंकुर पराशर व दुकानदारों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। करीब एक घंटे के बाद पालिका ने पुलिस को मामले की सूचना दी और पुलिस मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया।
दुकानदारों ने बताया कि आर्थिक मंदी व कोरोना वायरस के कारण उनके काम धंधे ठप पड़े है। ऐसे में प्रशासन उनको तंग कर रहा है। हालांकि दुकानदारों की ऐसी दलीलों का अधिकारियों पर कोई असर नहीं हुआ। पालिका सचिव अंकुर पराशर ने बताया कि कोरोना वायरस के भय के कारण चैत्र चौदस मेले को रद्द किया जा चुका है तथा शहर में आने बाले सभी रास्तों पर बेरीगेटस लगाकर बंद किया गया है ताकि श्रद्धालु तीर्थ तक न पहुंच सकें। कोरोना वायरस के भय को देखते हुए ही उच्चाधिकारियों के आदेश पर अतिक्रमण हटाया गया है। आगे भी उनकी कार्रवाई जारी रहेंगी।