कुरुक्षेत्र। एनआईटी छात्रों तक गांजा आपूर्ति मामले के मुख्य सूत्रधार की तलाश के लिए सीआईए दो ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इस मामले के तार अब लखनऊ से जुड़ गए हैं और अभी तक पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में मिले अहम सुराग के आधार पर टीम लखनऊ पहुंची है, जहां दबिश दी जा रही है।
हालांकि शनिवार तक पुलिस के हाथ मुख्य आरोपी नहीं आया था लेकिन दबिश जारी रखी जाएगी। इस मामले में टीम ने अभी तक तीन आरोपी गिरफ्तार किए हैं, जिनमें से एक को जेल भेज दिया है तो गांजा मंगवाने वाले एनआईटी के छात्र सहित उसके दोस्त को छह दिन के रिमांड पर लिया हुआ है। तीन दिन पहले टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकेबंदी कर एक ऑटो रिक्शा से 16 किलोग्राम गांजा बरामद किया था, जो एनआईटी के एक छात्र को सप्लाई करना था। टीम ने एनआईटी में दबिश देकर महाराष्ट्र के रहने वाले बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र व नोएडा में पढ़ने वाले उसके दोस्त को काबू कर रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान आरोपियों ने उक्त गांजा आपूर्ति करने वाले मुख्य आरोपी की निशानदेही बताई, जिस आधार पर टीम ने लखनऊ पहुंच दबिश शुरू कर दी। इधर टीम रिमांड पर लिए आरोपियों से गांजा किसे बेचना था। इसका पता लगाने की कोशिश कर रही है। टीम के इंचार्ज सुरेंद्र पाल का कहना है कि उन्हें शक है कि ये आरोपी एनआईटी व यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्रों को उक्त नशीला पदार्थ बेचने वाले थे। टीम आरोपियों से गांजा खरीदने वाले लोगों का पता कर उन्हें भी जल्द काबू कर लेगी।