कुरुक्षेत्र। प्रदेशभर के सैकड़ों चौकीदार शुक्रवार को इकट्ठा हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उसके बाद ताऊ देवीलाल पार्क से सभी चौकीदार पैदल ही दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के लिए रवाना हो गए।
चौकीदार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष बुधराम ने बताया कि वह लंबे समय से अपनी मांगों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और पहले भी कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं और मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन सौंप चुके हैं। लेकिन अब तक उनकी मांगे नहीं मानी गई हैं।
बुधराम ने बताया कि पहले भी वह पैदल मार्च करने के लिए निकले थे उस समय भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ोली ने उनको रोक लिया था। उनको आश्वासन दिया था कि उनकी मांगे मान ली जाएंगी लेकिन अब तक भी उनकी मांगे नहीं मानी गई हैं। उन्होंने खुलासा किया कि वे खुद 52 बार मुख्यमंत्री को ज्ञापन लिख चुके हैं और अब मजबूरन प्रदेश के सभी चौकीदारों को यह कदम उठाना पड़ा और आज वह कुरुक्षेत्र से पैदल ही दिल्ली में प्रधानमंत्री से मिलने के लिए निकल पड़े हैं।