कुरुक्षेत्र। सेक्टर-आठ स्थित नगर परिषद के सामुदायिक केंद्र में तैनात चौकीदार सुभाष चंद (50) ने शनिवार सुबह फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सुभाष चंद हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत नगर परिषद थानेसर में कार्यरत था। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
परिवार के अनुसार शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे सुभाष चंद ने सामुदायिक केंद्र के एक कमरे में खुद को अंदर से बंद कर लिया।
कुछ देर बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो परिवार को शक हुआ। पुलिस को बेटे करण ने बताया कि उस समय वह शौचालय में था, बड़ा बेटा कृष्ण कुमार नहा रहा था और मां मोनिका रसोई में थी।
उन्होंने बताया कि जब दरवाजा नहीं खुला तो केंद्र में मौजूद सफाईकर्मियों को बुलाया गया। कुल्हाड़ी से दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर पहुंचे तो सुभाष चंद पंखे से चुन्नी के फंदे पर लटके हुए थे।
परिजनों ने तुरंत चुन्नी काटकर उन्हें नीचे उतारा और सेक्टर-चार के पॉलीक्लिनिक ले गए। वहां से चिकित्सकों ने उन्हें जिला नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार ने बताया कि सुभाष चंद काफी समय से शराब का आदी था। संवाद