कुरुक्षेत्र। नए बस अड्डे पर खड़ी हरियाणा रोडवेज की बस। संवाद
कुरुक्षेत्र। स्कूलों तक विद्यार्थियों की यात्रा सुगम के लिए परिवहन विभाग ने तैयारी कर ली है। शिक्षा विभाग के साथ मिलकर योजना को अंतिम रूप भी दिया जा चुका है। इसी संदर्भ में वीरवार को बाबैन में भव्य कार्यक्रम होगा, जिस दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी
झंडी देकर बसों को रवाना कर योजना की शुरुआत करेंगे।
यह योजना प्रदेश स्तर की होगी, जिसमें कुरुक्षेत्र को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चुना गया है। अच्छा रिस्पांस आने के बाद योजना पूरे राज्य में लागू होगी। रोडवेज के कुरुक्षेत्र डिपो की ओर से योजना के तहत 30 बसों को शिक्षा विभाग को सौंप दिया गया है। यह बसें 21 मई से जिला स्तर पर पीएमश्री सहित अन्य सरकारी स्कूलों के लिए विभिन्न रूट पर दौड़ेंगी।
योजना को पुख्ता ढंग से अमलीजामा पहनाने के उद्देश्य से दो दिन पहले उपायुक्त विश्राम मीणा और मुख्यमंत्री के कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी भी दौरा कर चुके हैं, जहां उन्होंने बाबैन के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का लिया जायजा लिया।
उपायुक्त और सीएम कार्यालय प्रभारी ने कहा कि नि:शुल्क परिवहन से शिक्षा तक पहुंच आसान होगी और ड्रॉपआउट दर में कमी आएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री लोगों की समस्याएं भी सुनेंगे। कार्यक्रम को व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन तैयारियों में जुटा है।