लाडवा/पिपली। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज रविवार को कुरुक्षेत्र जिले के पिपली और बहलोलपुर में आयोजित दो जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान वे जिले को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने शनिवार को कार्यक्रम स्थलों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
विज्ञापन
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायती राज, जनस्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। इससे जिले के विकास को गति मिलेगी। बहलोलपुर में विशाल जॉब मेले का आयोजन भी होगा। इसके अलावा एग्री टेक ड्रोन शो के माध्यम से किसानों को फसलों में यूरिया व कीटनाशकों के छिड़काव, निगरानी और फसल अवशेष प्रबंधन की आधुनिक तकनीक का लाइव प्रदर्शन दिखाया जाएगा।