कुरुक्षेत्र। एक युवक को अमेरिका में नौकरी लगवाने का झांसा देकर करीब 30 लाख 50 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। युवक को अमेरिका के बजाय दुबई भेज दिया और वहां से भी तीन माह में ही लौटा दिया।
पंजाब के फतेहगढ़ साहिब निवासी परमजीत सिंह के मुताबिक उनका बेटा गुरशरण सिंह बीए पास करने के बाद रोजगार की तलाश में था। एक रिश्तेदार ने उनको शाहाबाद के नवजोत से मिलवाया। नवजोत सिंह ने खुद को रजिस्टर्ड ट्रैवल एजेंट होने का दावा किया। आरोप है कि उसने गुरशरण को अमेरिका भेजने के लिए पहले 50 लाख रुपये मांगे लेकिन करीब 45 लाख रुपये में बात तय हुई। 16 जनवरी 2023 को नवजोत सिंह, उसकी पत्नी और गुरमीत सिंह उनके घर खानपुर आए और पांच लाख रुपये नकद के साथ पासपोर्ट व फोटो जैसे दस्तावेज ले गए।
उसके बाद उन्होंने आरोपियों के कहे अनुसार 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर, 17 मार्च को 4.5 लाख रुपये, 19 मार्च को पांच लाख रुपये और 18 अप्रैल को 15 लाख रुपये आरटीजीएस सहित करीब 30 लाख 50 हजार रुपये दिए। इसके बाद आरोपी ने गुरशरण को अमेरिका के बजाय दुबई भेज दिया। वहां से भी करीब तीन माह बाद घर वापस आना पड़ा। लौटने के बाद उन्होंने बताया कि आरोपी ने दुबई में रखा था। उन्होंने आरोपी से अपने सारे पैसे वापस मांगे, तो आरोपी धमकी देने लगा और पैसे लौटाने से इन्कार कर दिया।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।