इस्माईलाबाद। साइबर ठगों ने एक उपभोक्ता को ऑनलाइन टास्क पूरा करने पर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर 7.82 लाख रुपये ठग लिए।
आरोपियों ने उसके व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर झांसा में लिया था। थाना साइबर में दर्ज शिकायत में रमेश चंद निवासी इस्माईलाबाद ने बताया कि वह इंश्योरेंस का काम करता है। 25 नवंबर को उसके पास युवती की कॉल आई, जिसने अपना नाम राधिका शर्मा बताया था।
पूछताछ में महिला ने उससे वर्क फ्रॉम होम करने के बारे में सहमति मांगी। उसकी सहमति के बाद आरोपी ने उसके व्हाट्सएप पर लिंक भेज दिया। प्रत्येक चैनल फॉलो करने पर उसे 200 रुपये कमीशन मिलता रहा। 26 नवंबर को सुबह नौ बजे उसके पास टेलीग्राम पे टास्क आए, जो उसने फॉलो किया। उसे 200 रुपये पर टास्क के हिसाब से 9100 रुपये दिए गए। उसके बाद उसके खाते से रुपये कटने शुरू हो गए। उसका बैंक खाते से लिंक हुआ मोबाइल नंबर होने से उसके पास कोई मैसेज भी नहीं आया।
दो दिसंबर तक उसके खाते से रुपये कटते रहे। उस तरह उसके खाते से कुल 7.82 लाख रुपये कट गए। हालांकि आरोपी रुपये लौटाने का झांसा देते रहे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।