कुरुक्षेत्र। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और दिन में लगने वाले जाम की समस्या से निपटने के लिए अब पुलिस मास्टर प्लान बनाने में जुट गई है जिससे अब शहर में लोगों को यातायात व्यवस्था सुचारू व निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इसके लिए शनिवार को पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने अपने कार्यालय में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करके वर्तमान में यातायात स्थिति की समीक्षा की और फील्ड रिपोर्ट ली। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शहर की सड़कों पर बढ़ते वाहनों की संख्या और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है।
इससे निपटने के लिए प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाए और सुबह-शाम के समय में अतिरिक्त बल लगाया जाएगा और व्यस्त समय में ट्रैफिक मूवमेंट पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि स्कूल, कार्यालय और बाजार आने-जाने वाले लोगों को परेशानी न हो।
साथ ही ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम को नियमित रूप से जांचा जाएगा और जहां सिग्नल खराब हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाएगा : एसपी
एसपी ने सभी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाए। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाई जाए और ट्रैफिक कंट्रोल रूम को और सशक्त बनाया जाए। साथ ही आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाया जाए। वह यातायात ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को बारिश, धूप, गर्मी आदि से बचाने के लिए मुख्य चौकों पर यातायात पोस्ट बनाई जाएगी।
अवैध पार्किंग किए वाहन व अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई, चेकिंग अभियान चलाने के दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने अवैध पार्किंग पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि मुख्य बाजारों और अस्पतालों के आसपास वाहन खड़ा करने के लिए तय पार्किंग स्थल ही उपयोग किए जाएं। सड़क किनारे दुकानदारों की ओर से किए जा रहे अतिक्रमण पर नगर निगम के सहयोग से अभियान चलाया जाएगा। हाईवे और मुख्य मार्गों पर गति नियंत्रण के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं।