कुरुक्षेत्र। पिपली चौक पर सड़क हादसों को रोकने के लिए नगर परिषद अवैध कब्जे हटाए और दोबारा कब्जा करने वालों पर जुर्माना लगाए। रोडवेज विभाग पिपली चौक के निर्धारित पैराकीट और बस स्टैंड पर ही बसों का ठहराव करेगा। वहीं पिपली चौक पर यातायात नियमाें को तोड़ने वालों की पुलिस सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से निगरानी करेगी। इसके लिए आरटीए विभाग अगले सात दिनों में पिपली चौक पर स्थायी सीसीटीवी कैमरे लगाने जा रहा है।
यह सब निर्देश एडीसी सोनू भट्ट ने मंगलवार को लघु सचिवालय में जिला सड़क सुरक्षा कमेटी की मासिक बैठक में दिए। एडीसी सोनू भट्ट ने इस दौरान पिहोवा और शाहाबाद में ट्रैफिक लाइट्स लगाने के लिए एसडीएम, नगर परिषद और पुलिस की संयुक्त कमेटी गठित कर सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने अंबाला-करनाल नेशनल हाईवे पर बिजली के पोल और पेड़ हटाने के लिए संबंधित विभागों को नोटिस जारी करने को कहा।
बैठक में लाडवा रोड पर अवैध कट बंद करने, एनएच-152-डी पर पीली-सफेद पट्टियां और साइन बोर्ड लगाने, सेक्टर-दो में ताऊ देवीलाल पार्क के पास समाधि शिफ्ट करने और सड़क मरम्मत के निर्देश दिए गए। ब्रह्म चौक, राजेश पायलट चौक, मल्टी आर्ट चौक और सर्किट हाउस चौक पर रिफ्लेक्टर लाइट्स लगाने का आदेश भी जारी हुआ। बस स्टैंड के पास ट्रैफिक लाइट्स शुरू कर दी गई हैं और स्वास्थ्य विभाग को निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया।
ताऊ देवीलाल चौक पर अव्यवस्थाओं को दूर करने के लिए एक कमेटी गठित की गई, जो रात में स्ट्रीट लाइट्स की कमी और प्राइवेट बसों के ठहराव जैसे मुद्दों पर योजना बनाएगी। सभी विभागों को रोड सेफ्टी के लिए अलग से बजट मांगने के निर्देश दिए गए। बैठक में एएसपी प्रतीक, एसडीएम अमन कुमार, पंकज सेतिया, चिनार चहल, कपिल शर्मा, डीएसपी रोहताश कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।