रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को जल्द ही कैश के झंझट से मुक्ति मिलेगी। कैशलेस सिस्टम की शुुरुआत खाद्य एवं पेय पदार्थ मुहैया कराने वाले स्टालों से हो रही है। उच्चाधिकारियों द्वारा स्टेशन पर कैशलेस सुविधा की शुरुआत को लेकर इस संबंध में पत्र भी पहुंच चुका है, जिसमें उत्तर रेलवे मंडल अंबाला के अंतर्गत आने वाले सभी स्टेशनों के लिए भी दिशा निर्देश जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन को कैशलेस बनाने की दिशा में प्रयास शुरू हो गए हैं। शुुरुआत परिसर में बनी नार्दन रेलवे की रेल आहार के नाम से बनी दो पक्की सरकारी स्टालों से होगी। इन स्टालों पर चाय, बिस्कुट, पानी की बोतल, दूध, कोल्ड ड्रिंक सहित अन्य व्यंजनों के लिए स्टेशन पर आने वाले यात्री ऑनलाइन पेमेंट कर सकेंगे। इसके साथ ही एटीएम कार्ड, डेबिट कार्ड और रुपे कार्ड के माध्मय से पेमेंट करने की सुविधा भी मिलेगी। विशेष तौर पर यहां स्वैप मशीनें भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
उच्च अधिकारियों द्वारा जारी पत्र में सभी स्टेशनों के अधिकारियों को जल्द से जल्द व्यवस्था बनाते हुए रिपोर्ट करने को कहा गया है।
ठेकेदारों के स्टाल भी होंगे नकदी रहित
बताया जा रहा है कि उक्त दो सरकारी स्टालों के बाद रेलवे जंक्शन पर ठेकेदारों द्वारा संचालित स्टाल भी जल्द ही नगदी रहित करने की योजना है। फिलहाल ठेकेदारों द्वारा रेल आहार के नाम से कुरुक्षेत्र स्टेशन पर करीब 30 स्टाल संचालित किए जा रहे हैं। कैशलेस प्रक्रिया के बाद यहां स्टालों की संख्या बढ़ेगी या घटेगी, यह भी देखनी वाली बात होगी।
एसएस से बातचीत
स्टेशन सुपरिंटेंडेंट (एसएस) जगमोहन गुप्ता ने कहा कि रेलवे स्टेशन को जल्द ही कैशलेस करने की योजना है। कैशलेस सिस्टम की शुरुआत करने को लेकर उनके यहां डीआरएम की ओर से पत्र आया है। जल्द ही सरकारी फूड स्टालों पर कैश रहित भुगतान की व्यवस्था हो सकेगी। डिजिटल सुविधा मुहैया कराने के लिए विभाग द्वारा एसबीआई से संपर्क साधा जा रहा है।