संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव और लगातार बढ़ रहे वायु प्रदूषण का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। सुबह-शाम के तापमान में अंतर, हवा में धूल और प्रदूषण के कणों के कारण लोगों को खांसी, गले में खराश और बुखार जैसी परेशानियां हो रही हैं। लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 80 से अधिक मरीज बुखार व खांसी की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
बदलते मौसम और खराब हवा की चपेट में केवल बच्चे या बुजुर्ग ही नहीं, बल्कि युवा भी आ रहे हैं। सामान्य दिनों के मुकाबले ओपीडी में मरीजों की संख्या 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ गई है। हवा की सेहत खराब होने के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। खासकर सांस के मरीज भी अस्पताल पहुंच रहे हैं।
-
मौसम में बदलाव और प्रदूषण से बढ़ रही खांसी-बुखार की शिकायतें
ओपीडी देख रहे डॉ. गौरव चावला ने बताया कि इन दिनों बुखार और खांसी की शिकायत लेकर आने वाले मरीज की संख्या बढ़ गई हैं। मौसम में लगातार बदलाव इसका एक प्रमुख कारण है। वहीं, हवा में बढ़ता प्रदूषण भी लोगों के स्वास्थ्य पर असर डाल रहा है और खांसी के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। बच्चों की ओपीडी में भी बुखार के मरीज बढ़े हैं। डॉ. विकास मौदगिल के अनुसार बच्चों की ओपीडी में रोजाना 30 से 50 बच्चे बुखार की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
-
वायरल बुखार के प्रमुख लक्षण
1. तेज बुखार : शरीर का तापमान बढ़ना और ठंड लगना।
2. सिरदर्द : सिर में दर्द या भारीपन महसूस होना।
3. बदन दर्द : मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द होना।
4. थकान और कमजोरी : शरीर में सुस्ती और ऊर्जा की कमी महसूस होना।
5. खांसी और गले में खराश : गले में दर्द, जलन या सूखी खांसी होना।
6. नाक बहना या बंद होना : छींक आना और नाक में जकड़न होना।
7. पसीना आना : बुखार उतरते समय अधिक पसीना आना।
8. भूख कम लगना : खाने का मन न करना या कभी-कभी मतली होना।
वायरल बुखार से बचाव के लिए डॉक्टरों की सलाह
1. गर्म पानी पिएं और दिनभर पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेते रहें।
2. घर का ताजा और पौष्टिक खाना खाएं, बाहर के खुले खाद्य पदार्थों से बचें।
3. मास्क लगाकर बाहर निकलें, ताकि प्रदूषित हवा और धूल से बचाव हो सके।
4. हाथों की नियमित सफाई रखें और खांसते-छींकते समय मुंह व नाक ढकें।
5. मौसम के अनुसार कपड़े पहनें, ठंड और गर्मी के अचानक बदलाव से बचें।
6. बुखार या खांसी होने पर डॉक्टर से जांच करवाएं, खुद से दवा लेने से बचें।