थाना केयूके पुलिस ने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सीईओ की शिकायत पर सुलभ संस्था के सफाई कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सीईओ ने बोर्ड प्रशासन को धमकी देने व आपदा प्रबंधक एक्ट का उल्लंघन करने की शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केडीबी सीईओ गगनदीप सिंह ने थाना केयूके में दी शिकायत में कहा कि बोर्ड कार्यालय की ओर से सुलभ संस्था नई दिल्ली को बोर्ड के कार्य क्षेत्र में सफाई का कार्य सौंपा हुआ था, जो समाप्त हो चुका है। संस्था के लगभग 60 कर्मचारी 14 मई से बोर्ड कार्यालय के सामने पार्किंग वाले स्थान पर धरने पर बैठे हुए हैं। ये लोग पिछले 2-3 दिन से बोर्ड कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धमकी दे रहे है कि यदि दोबारा से सुलभ को ठेका नहीं दिया गया तो वह बोर्ड में किसी कर्मचारी व अधिकारी को कार्य नहीं करने देंगे। बार-बार समझाने के बावजूद भी इन लोगों ने अपना धरना समाप्त नहीं किया और धमकी दी कि यदि नया ठेकेदार सफाई कर्मचारियों के साथ कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के कार्य क्षेत्र में सफाई का कार्य करते है तो सुलभ संस्था के कर्मचारी दंगा फसाद करने से पीछे नही हटेंगे। इसके अतिरिक्त 60 व्यक्तियों में मुख्य तौर पर सुलभ संस्था प्रधान कृष्ण कुमार, सफाई कर्मी रोहतास, प्रवीण कुमार, शशी बाला, आशु, आनंद, सोनू, संत कुमार व ओमप्रकाश ने सामूहिक तौर पर इक्टठा होकर वैश्विक कोराना महामारी 2019 के चलते सरकार के द्वारा समय समय पर जारी किए गए निर्देशों का उल्लघंन हुआ है तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच एसआइ सुभाष चंद को सौंपी है। एसआइ सुभाष चंद ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सूचना अनुसार दोनो पक्षों में समझौता हो गया है।