पिहोवा। चीका मार्ग पर ड्रेन के किनारे अल सुबह करीब चार बजे एक ट्रैक्टर-ट्राॅली से कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में कार चालक की जान चली गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। कार चालक कार में फंस गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार चालक को कड़ी मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाला जा सका लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
थानाध्यक्ष जानपाल सिंह ने बताया उन्हें सूचना मिली थी की ड्रेन के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसे अज्ञात ट्रैक्टर ने टक्कर मारी है। वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। कार की तलाशी लेने पर चालक का पहचान पत्र मिला जिसकी शिनाख्त जसबीर सिंह निवासी भूना के रूप में हुई है जो कि लालडू में अपनी रिश्तेदारी से आ रहा था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।