लाडवा। पत्नी को मायके छोड़कर घर लौट रहे कार चालक को ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक कार को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में कार चालक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त कंवलजीत सिंह (33) निवासी तिलक नगर दिल्ली के रूप में हुई। कंवलजीत दिल्ली में एक निजी कंपनी में काम करता था। पुलिस ने राहगीरों के साथ मिलकर बड़ी मुश्किल से शव को कार से बाहर निकाला।
थाना लाडवा में दर्ज शिकायत में शिकायत में मुख्य सिपाही परवेश कुमार ने बताया कि वह सुबह करीब चार बजे अपने अन्य साथियों के साथ लाडवा-पिपली रोड पर गश्त कर रहा था। इसी दौरान लाडवा की तरफ से एक सफेद रंग की कार पिपली की तरफ जा रही थी तभी पिपली की ओर से आए एक ट्रक ने गलत दिशा में आकर कार में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार ट्रक के नीचे घुस गई। ट्रक चालक कार उसे घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। जोरदार टक्कर के कारण कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने राहगीरों के साथ मिलकर शव को बाहर निकाला। कार से बरामद आधार कार्ड से मृतक की शिनाख्त कंवलजीत सिंह के रूप में हुई। उन्होंने तुरंत उसके परिजनों को सूचित किया। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। बताया गया है कि कार चालक अपनी पत्नी को रविवार को यमुनानगर उसके मायके छोड़कर अल-सुबह दिल्ली लौट रहा था।