कुरुक्षेत्र। अपराध अन्वेषण शाखा-दो की टीम ने एक कैंटर चालक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 99 किलो 530 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग आठ लाख रुपये बताई जा रही है।
अपराध अन्वेषण शाखा-2 के प्रभारी निरीक्षक मनदीप सिंह ने बताया कि उनकी टीम 17 जून को शाहाबाद स्थित मीना मार्केट क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि पंचकूला जिले के भरेली निवासी निर्मल सिंह, जो कैंटर चालक है, झारखंड से माल की आड़ में भारी मात्रा में चूरा पोस्त लेकर पंजाब की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मीना मार्केट के पास नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। कुछ समय बाद संदिग्ध कैंटर को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में रखे चार कट्टों से 99 किलो 530 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शाहाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशीले पदार्थ की आपूर्ति और तस्करी के नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।