कुरुक्षेत्र। नेपाल सिंह राणा को सम्मानित करते समानी क्रिकेट कप के आयोजत। स्वयं
कुरुक्षेत्र। समाना बाहु गांव में 16 से 21 जून तक आयोजित होने वाली ड्रीम टेनिस क्रिकेट लीग सीजन-1, नॉर्थ ज़ोन का भव्य आगाज हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं क्रिकेट कमेंटेटर आकाश चोपड़ा तथा कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के पुत्र नेपाल सिंह राणा ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। छह दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस अवसर पर आकाश चोपड़ा ने कहा कि क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, बल्कि युवाओं को आगे बढ़ने का सशक्त माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। नेपाल सिंह राणा ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, समर्पण और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर ही सफलता हासिल की जा सकती है। आयोजक रवि गाबा ने बताया कि नॉर्थ ज़ोन स्तर की इस प्रतियोगिता का उद्देश्य टेनिस क्रिकेट को बढ़ावा देना और उभरते खिलाड़ियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता का समापन 21 जून को होगा, जिसमें विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के दौरान खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।