कुरुक्षेत्र। सड़क सुरक्षा माह के तहत पुलिस व आरटीए विभाग की ओर से संयुक्त रूप से यातायात नियमों के बारे में आमजन को जागरूक करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को आरटीए विभाग व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कैम्ब्रिज विद्यालय भौंर सैयदां में विद्यार्थियों को यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी।
आरटीए विभाग के सुनील कुमार व यातायात को-ओर्डिनेटर वीरेंद्र विक्रम ने चालकों को यातायात नियमों की पालना करने के लिए प्रेरित किया। एडीटीओ सुनील कुमार ने कहा नाबालिग द्वारा वाहन चलाना खतरनाक हो सकता है। बच्चों के परिजनों को चाहिए कि वो नाबालिग को कोई भी वाहन ना दें। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम स्कूल के नियमों की पालना करते हुए जीवन में आगे बढ़ते हैं उसी प्रकार यातायात के नियमों की पालना करना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी वाहन चालकों को नियमों की पालना करते हुए अपनी जिम्मेवारी का निर्वहन करना चाहिए। इस मौके पर आरटीए विभाग के महाबीर चंदेल, मुनीश कुमार, पारस, प्रधानाचार्य प्रियंका, अंकिता तलवार, सर्वप्रीत, लव तलवार, स्कूल स्टाफ, बस चालक सहित विद्यार्थी मौजूद रहे। संवाद