संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। सेक्टर तीन की श्रीकृष्ण बस्ती में रविवार को सर्व हिंदू समाज के तत्वावधान में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रीकृष्ण आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. करतार सिंह धीमान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस सम्मेलन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और वैचारिक उद्बोधनों के माध्यम से समाज को संगठित और जागरूक करने का संदेश दिया गया।
साथ ही संस्कृति, संगठन और पारिवारिक मूल्यों को सशक्त करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वेदपाठी ब्रह्मचारियों के मंत्रोच्चार से हुआ। डॉ. करतार सिंह धीमान ने कहा कि हिंदू केवल धर्म नहीं, बल्कि एक जीवन पद्धति है। उन्होंने पंच परिवर्तन, व्यक्ति निर्माण, संगठन निर्माण, स्वाभिमानी व मजबूत समाज और कुटुंब प्रबोधन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। आयोजक राकेश भारद्वाज और शमशेर सिंह रहे। कार्यक्रम में उदासीन अखाड़ा कुरुक्षेत्र से महेश मुनि, गुरुद्वारा समिति से कुलवंत सिंह, एमके धीमान, अमित सैनी, बिट्टू मित्तल और नरेश शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।