कुरुक्षेत्र। पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब दोपहिया वाहनों के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं। इससे आम नागरिकों की जेब पर सीधा असर देखने को मिलेगा। कंपनियों ने अलग-अलग मॉडलों के रेट में 1500 से 2000 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। इससे कारोबारियों की भी चिंता बढ़ने लगी है।
बाइक शोरूम संचालकों का कहना है कि अप्रैल महीने में भी कंपनियों ने दाम बढ़ाए थे और अब दोबारा नई रेट लिस्ट जारी कर कीमतों में इजाफा किया गया है। लगातार बढ़ रही कीमतों से कारोबार पर असर पड़ने की चिंता बढ़ने लगी है। उनका कहना है कि स्प्लेंडर और सीडी डीलक्स जैसी बाइकों की सबसे ज्यादा मांग रहती है लेकिन दाम बढ़ने के बाद अब ग्राहकों का रुझान प्रभावित होने की आशंका है। यह पेट्रोल के दाम बढ़ने का असर है, जो अब सीधे बाजार पर दिखाई दे रहा है।
वहीं, बाइक खरीदने पहुंचे ग्राहक पवन ने कहा कि पहले पेट्रोल महंगा हुआ और अब बाइक के दाम बढ़ गए हैं, जिससे आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है। ग्राहकों का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरत होने के कारण लोग बाइक खरीद तो रहे हैं लेकिन बढ़ती कीमतों से परेशानी बढ़ रही है।