फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

व्यापारियों ने जताया नाले की ऊंचाई को लेकर रोष

Fri, 22 Jan 2016 12:10 AM IST
ब्यूरो/अमरउजाला, कुरुक्षेत्र
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर के 100 फुटा रोड पर चल रहे रोड और नाले के निर्माण के विरोध में वीरवार को शोरूम संचालकों ने रोड पर जाम लगा दिया। दुकानदारों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग नाले का निर्माण रोड से काफी उंचा कर रहा है, जिससे लोगों के शोरूम तक जाने का रास्ता बंद हो जाएगा। इसी मुद्दे को लेकर वीरवार को विधायक सुभाष सुधा ने व्यापारियों की बैठक लेने पहुंचना था, लेकिन वे समय पर नहीं पहुंचे। करीब ढाई घंटे तक भी विधायक नहीं पहुंचे तो दुकानदारों का हौसला जवाब दे गया और उन्होंने रोड पर जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना मिलते ही एक्सईएन, एसडीओ भी पहुंच गए और थाना शहर प्रभारी रामकुमार व चौकी प्रभारी देवेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद थाना प्रभारी ने जाम तो खुलवा दिया, लेकिन दुकानदार शांत नहीं हुए। इसी बीच विधायक भी वहां पहुंचे और उन्होंने करीब 2 घंटे से अधिक वहां बिताए और व्यापारियों की समस्याओं को सुनकर उन्हें शांत किया।
विज्ञापन

शहर सौंदर्यकरण के चलते केडीबी रोड पर नाले का निर्माण चल रहा है। रोड पर नाले का निर्माण सड़क से काफी ऊंचा किए जाने के खिलाफ व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों ने इस मामले को लेकर दो दिन पूर्व विधायक सुभाष सुधा से मुलाकात की थी और मामले से अवगत कराया था। इस मामले को लेकर वीरवार को दोपहर में विधायक सुधा ने उन्हें आश्वासन दिया था कि वे स्वयं वहां पहुंचेंगे और बातचीत करेंगे। इस पर व्यापारी विजय कुमार सागवाल, भीम मित्तल, संजय अग्रवाल, रवि कांबोज, सतवंत सिंह, वेद सैनी, जरनैल कांबोज, बलराज सिंह, बीपी चौधरी, सुधीर सहगल, सुधीर सैनी, सतबीर सिंह समेत काफी संख्या में दुकानदार वहां पहुंच गए, लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी विधायक नहीं पहुंचे तो व्यापारियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते सभी व्यापारी रोड पर पहुंच गए और उन्होंने जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन जेसी कांबोज और एसडीओ भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन व्यापारियों ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया और विधायक और अधिकारियों को ही मौके पर बुलाने के लिए जिद पर अड़ गए। व्यापारियों का कहना था कि नाला इतना ऊंचा बनाया जा रहा है कि इससे सारे शोरूम बंद होने के कगार पर पहुंच जाएंगे।
थाना प्रभारी ने संभाला मोर्चा, खुलवाया जाम
थाना शहर प्रभारी रामकुमार और सुभाष मंडी चौकी प्रभारी देवेंद्र कुमार सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए और व्यापारियों को समझा बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया। पहले तो व्यापारी अड़े रहे, लेकिन एसएचओ रामकुमार ने उन्हें किसी तरह शांत कर कुछ ही देर में जाम खुलवा दिया। जाम करीब 40 मिनट तक लगा रहा। थाना शहर प्रभारी ने बताया कि विधायक यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में गए हुए हैं, वहां से सीधे वे व्यापारियों के बीच ही पहुंचेंगे।
विज्ञापन

विधायक पहुंचे तो शांत हुए दुकानदार
करीब ढाई बजे के आसपास विधायक सुभाष सुधा मौके पर पहुंचे और उन्होंने गुस्साए व्यापारियों को शांत किया। उन्होंने व्यापारियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी हासिल की और पूरे रोड का दौरा किया। उन्होंने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि वे उनका नुकसान नहीं होने देंगे।
सागवाल बने एसोसिएशन के पहले प्रधान
इस दौरान 100 फुटा रोड के व्यापारियों ने एसोसिएशन का गठन किया और एसोसिएशन के पहले प्रधान के रूप में विजय कुमार सागवाल को चुना गया। इसमें भीम मित्तल को उपप्रधान, संजय अग्रवाल और रवि कांबोज को महासचिव, सतवंत सिंह और वेद सैनी को कोषाध्यक्ष और बिट्टू को सलाहकार मनोनित किया है। नवनियुक्त अध्यक्ष विजय कुमार सागवाल ने बताया कि एसोसिएशन का गठन वीरवार को ही किया गया है। इसका जल्द ही नाम रख कर रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि विधायक ने आश्वासन दिया है कि नाले की ऊंचाई 6 ईंच छोटा किया जाएगा और साथ ही ग्रिल्स नहीं लगाई जाएंगी और साथ ही इस बात पर भी सहमति बनी है कि किसी दुकान के आगे रैंप टूटता है तो उसकी भरपाई भी संबंधित दुकानदार ही करेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें