पिहोवा। ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन की बैठक हुई जिसमें राज्य प्रधान मायाराम उनियाल, राज्य महासचिव बलदेव सिंह मामू माजरा, राज्य कोषाध्यक्ष रघुवीर पंजाबी, राज्य एडिटर रामपाल सिकरवार एवं प्रदेश प्रेस प्रवक्ता रणजीत करोड़ा सहित अन्य पदाधिकारियों ने विभाग में बसों की भारी कमी व बढ़ते हादसों पर चिंता जताई। कर्मचारी नेताओं ने यमुनानगर में बस दुर्घटना में छात्रा की मौत पर शोक प्रकट करते हुए घायल छात्रों के जल्दी स्वस्थ होने की कामना भी की।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि रोडवेज बसों से लगातार जो दुर्घटनाएं हो रही हैं। इनका कारण जनसंख्या के हिसाब से बसों की उपलब्धता न होना है। यात्रियों की संख्या बढ़ रही है और बसों की संख्या घटती जा रही है। यूनियन ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में बसों की संख्या को बढ़ाया जाए ताकि इन दुर्घटनाओं से भी बचा जा सके। इन दुर्घटनाओं का कारण यह भी है कि प्राइवेट बसों की ओर से कुछ दिन पहले छात्र-छात्राओं के पास को मानने से मना कर दिया गया। प्राइवेट बसों के संचालक छात्रों को बसों में नहीं चढ़ाते। लगभग सभी रूटों पर प्राइवेट बसों का संचालन है लेकिन इन बसों की ओर से छात्र-छात्रों को न बिठाने के कारण पीछे से आने वाली सरकारी बसों में बहुत ज्यादा भीड़ होती है और सवारियों को खिड़कियों में लटक कर सफर करना पड़ता है जिससे इन दुर्घटनाओं की दर बढ़ रही है। यूनियन ने सरकार से मांग की है कि पहले की तरह छात्रों को प्राइवेट बसों में पास मान्य करवाया जाए।