कुरुक्षेत्र। सिलिंडर के लिए अपनी बारी का इंतजार करती हुई महिला। संवाद
कुरुक्षेत्र। एलपीजी गैस सिलिंडर की किल्लत दुरूस्त नहीं हो पा रही है। बुधवार को भी शहर की गैस एजेंसियों पर दिनभर लाइन लगी रही। हालात ये रहे कि लोग धूप में ही सिलिंडर पर बैठ अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। एजेंसी पर पहुंचे कई उपभोक्ताओं ने कहा कि उन्होंने 15 मार्च को गैस बुकिंग करवाई थी लेकिन आज तक सिलिंडर की डिलीवरी नहीं हो पाई है। सिलिंडर न मिलने के कारण उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है।
उनका आरोप है कि गैस की कमी के कारण घरों में रसोई व्यवस्था प्रभावित हो रही है जबकि संबंधित अधिकारी लगातार आपूर्ति सामान्य होने के दावे कर रहे हैं। वहीं अपनी पर्ची लेकर आए कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें बार-बार एजेंसी से कल मिल जाएगा या सिस्टम खराब है कहकर टाल दिया जाता है। हालांकि विभाग की ओर से आपूर्ति सामान्य होने की बात कही जा रही है।
नहीं है कोई गैस की कमी : नरेश कुमार
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक नरेश कुमार ने बताया कि जिले में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है और मांग के अनुसार गैस की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि तीन तेल कंपनियों की 27 गैस एजेंसियों में पर्याप्त मात्रा में सिलिंडर उपलब्ध हैं और हाल ही में 9528 रिफिल किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि कालाबाजारी व जमाखोरी रोकने के लिए ब्लॉक स्तर पर टीमें गठित कर लगातार होटलों, ढाबों व रेस्टोरेंट में छापा मारने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि घरेलू गैस का दुरुपयोग न हो सके।
नरेश कुमार ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बुकिंग प्रक्रिया को सरल बनाया गया है और ओटीपी के माध्यम से सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही शिकायतों के निपटारे के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।