कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में शुक्रवार को पांच दिवसीय उत्तर क्षेत्रीय महिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप शुरू हुई। इसमें देश भर के 29 विश्वविद्यालयों से 350 महिला खिलाड़ी भाग लेंगी। प्रतियोगिता के पहले दिन हुए मुकाबले में यूटीयू देहरादून ने जम्मू विश्वविद्यालय को 3-0 से हराया।
खेल निदेशक डॉ. डीएस काला ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन यूटीयू देहरादून ने जम्मू विश्वविद्यालय की टीम को 3-0 से, बुंदेलखंड झांसी ने सेंट्रल विश्वविद्यालय को 3-0 से, सीसीएस मेरठ ने कश्मीर विश्वविद्यालय की टीम को 3-0 से, एचपी शिमला ने कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर को 3-0 से हराया। इसी तरह कुमांउ विश्वविद्यालय ने गुरु गोविंद इंद्रप्रस्थ द्वारका को 3-0 से, लखनऊ विश्वविद्यालय ने कृषि विश्वविद्यालय हिसार को 3-0 से, एमडीयू रोहतक ने डॉ बीआरए आगरा को 3-0 से हराया। वहीं डॉ. आरएमएल विश्वविद्यालय ने एसवीएस मेरठ को 3-0 से हराया तथा एचएनबी गढ़वाल श्रीनगर ने दीनबंधु चौ छोटूराम विश्वविद्यालय मुरथल को 3-0 से हराया।
350 महिला खिलाड़ी व 60 आफिशियल पहुंचे
केयू के खेल निदेशक डॉ. डीएस काला ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तर क्षेत्र के विश्वविद्यालयों से 29 महिला वॉलीबॉल टीमों कीं 350 महिला खिलाड़ी व 60 आफिशियल पहुंचे हैं। इस प्रतियोगिता के आयोजन के लिए 16 तकनीकी अधिकारी राजस्थान, दिल्ली, चंडीगढ़ व हरियाणा से बुलाए गए हैं। महिला खिलाड़ियों और इंचार्ज की ठहरने की व्यवस्था कृष्णा धाम, जाट धर्मशाला व विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में की गई है। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन, बस स्टाप व ठहरने से लेकर खेलने के स्थान पर टीमों को लाने ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है।
भारत देश के विकास में महिलाओं की अहम भूमिका : कुलपति
केयू कुलपति डॉ. कैलाश चंद्र शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के क्लास रूम में जिस तरह से लड़कियों की संख्या निरंतर बढ़ रही है, उसी तरह से खेल के क्षेत्र में भी महिला खिलाडिय़ों की संख्या में निरंतर इजाफा हो रहा है। कुलपति ने कहा कि जिस परिवार में 1 या 2 लड़कियां हैं उन्हें विश्वविद्यालय में किसी भी यूजीसी द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रमों में सीधा एडमिशन व स्कालरशिप मिलती है। केयू खेल परिषद के प्रधान डॉ. राजेंद्र सिंह ने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर यूनिवर्सिटी कालेज के प्रिंसिपल डॉ. आरके सूदन सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।