बाबैन। छह दिन से लापता युवक का शव रविवार को जोहड़ से मिला है। ग्रामीणों ने देवगन अस्पताल के पास स्थित जोहड़ में ग्रामीणों ने पानी के भीतर शव देखा। सूचना मिलने पर पुलिस के साथ परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान गांव निवासी करीब 45 वर्षीय प्रवीन कुमार के रूप में की।
प्रवीन के अचानक लापता होने के बाद परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। परिजनों के अनुसार 10 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे प्रवीन घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 13 अगस्त को बाबैन थाना पुलिस को गुमशुदगी की शिकायत दी गई। रविवार को जोहड़ के पास मौजूद ग्रामीणों की नजर पानी में पड़े शव पर गई। इसके बाद पुलिस और परिवार को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान प्रवीन के रूप में की। पानी में शव की स्थिति को देखते हुए उसके कुछ दिन पुराना होने की आशंका जताई गई। परिवार ने पुलिस को बताया कि प्रवीन के साथ किसी तरह की रंजिश या विवाद की जानकारी नहीं है। परिजनों को आशंका है कि संभवत: पैर फिसलने के कारण वह जोहड़ के गहरे पानी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। परिवार ने मामले में किसी व्यक्ति पर शक नहीं जताया है। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। परिजनों के बयान के आधार पर इत्तेफाकिया कार्रवाई की गई। संवाद