कुरुक्षेत्र। जिले में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के चलते बिजली की खपत काफी बढ़ चुकी है। पिछले तीन दिनों में जिले में करीब चार करोड़ यूनिट बिजली की खपत दर्ज की गई।
बढ़ती मांग के कारण बिजली निगम को लोड संतुलित रखने के लिए समय-समय पर बिजली कट लगाने पड़ रहे हैं। मुख्यालय की ओर से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में केवल दो कट निर्धारित किए हैं, लेकिन कई इलाकों में चार से छह बार तक बिजली कटौती होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दिन-रात अचानक लगते बिजली कटों से जिलेभर के लोग प्रभावित हैं। उनमें निगम के प्रति नाराजगी है। दर्रा खेड़ा वासी नीलकंठ ने बताया कि पिछले तीन दिन से बिजली सप्लाई के हालात बहुत खराब हैं। रात में नींद पूरी करना बहुत बड़ी चुनौती लग रही है। ज्यादा दिक्कत छोटे बच्चों और बुजुर्गों को है। पूरी रात यही स्थिति बनी रहती है। कभी आई, कभी चली गई। पंखे और कूलर बंद होते ही उमस के दौरान लोगों का घरों में रहना मुश्किल होने लगता है।
ग्रामीण क्षेत्र की बिजली सप्लाई में भी ज्यादा अंतर नहीं है। लाडवा, पिहोवा, इस्माईलाबाद, शाहाबाद क्षेत्र में भी यही आलम है। पिपली, सिरसमा, बीड़ मथाना, मथाना, छारपुरा, मुकुरपुरा, अंटेहड़ी, मुनियारपुर, कड़ामी, दौलतपुर सहित अन्य गांवों में भी विशेषकर रात में लंबे कट लग रहे हैं। बताया कि इनवर्टर भी अधिक समय नहीं निकालते। लोगों ने मांग उठाई कि अघोषित कटों पर रोक लगाकर बिजली आपूर्ति को सुचारू किया जाए। संवाद