कुरुक्षेत्र। जिले में मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है, जिसके चलते एक सप्ताह पहले तक जारी रही भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिल पाई है।
इसी बदलाव के चलते सोमवार रात को आंधी चली, जिस कारण करीब तीन घंटे तक ब्लैक आउट छाया रहा। हालांकि इसमें बड़ा नुकसान नहीं माना जा रहा लेकिन मंगलवार को दिन भर बिजली कर्मी लाइनों का निरीक्षण करते रहे।
उधर मंगलवार को भी पूरा दिन मौसम में बदलाव देखने को मिला। सुबह जहां कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई तो वहीं दिन भर हल्के बादलों के साथ धूप भी खिली रही। शाम को फिर तेज हवाएं चलने लगी तो बादल भी गहरा गए और बारिश की संभावना बनी रही। उधर अधिकतम तापमान 35 डिग्री तो न्यूनतम 23 डिग्री दर्ज किया गया। दिन के समय ही 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलती रही। मौसम में इस बदलाव से गर्मी से बड़ी राहत मिली है और शाम के हुए खुशनुमा मौसम के बीच बाजारों में रौनक भी दिखाई दी।