खंड के गांव लौहारा में मंगलवार को बिजली मीटर घरों से बाहर निकालने का विरोध करने तथा लगाए गए मीटर तोड़ने पर पुलिस ने 9 को नामजद करते हुए करीब 50-60 अन्य महिलाओं एवं पुरुषों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नामजद 9 लोगों को मंगलवार शाम को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था, जिसके बाद ग्रामीणों एवं भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों ने थाना परिसर में धरना दिया गया। देर रात तक चले घटनाक्रम में हिरासत में लिए गए लोगों को रिहा करने के बाद ही भाकियू ने धरना समाप्त किया गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को गांव लोहारा में बिजली के मीटर बाहर निकालने के दौरान जब लोग विरोध कर रहे थे तो पुलिस ने कुछ लोगों को एहतियात के तौर पर हिरासत में ले लिया था। इससे खफा होकर मंगलवार देर शाम को भाकियू एवं ग्रामीणों ने थाने के सामने आकर धरना शुरू कर दिया। धरने की अगुवाई भाकियू प्रदेशाध्यक्ष कर्म सिंह मथाना एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूंनी ने की।
धरना दे रहे भाकियू नेताओं ने हिरासत में लिए गए लोगों को बिना शर्त रिहा करने तथा घरों के बाहर लगाए गए बिजली के मीटरों को 24 घंटे के भीतर उतारने की मांग की। भाकियू द्वारा धरना दिए जाने की सूचना मिलने पर एसडीएम नरेंद्रपाल मलिक, डीएसपी कृष्ण कुमार, बीडीपीओ अंग्रेज सिंह मोर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने धरने पर बैठे ग्रामीणों एवं भाकियू नेताओं से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया।
अधिकारियों के लगातार प्रयासों के बाद भी जब ग्रामीण एवं भाकियू सदस्य अड़े रहे तो रात करीब 11 बजे प्रशासनिक अधिकारियों ने हिरासत में लिए गए लोगों को रिहा करने का आश्वासन देने के बाद ग्रामीणों तथा भाकियू ने अपना धरना खत्म किया। बाद में पुलिस ने हिरासती लोगों को रिहा कर दिया। धरने पर राजपाल बपदा, अजीत सिंह भूतमाजरा, संजू गंदियाना, बाबू राम गुंदियाना, हरपाल सिंह, कृष्ण पाल, गुरमुख, कर्ण बूबका, मामचंद बदपी, मदन पाल तथा जयपाल सहित बड़ी संख्या में भाकियू कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
बिजली कर्मचारी को नीचे गिराकर मारने की कोशिश : लोहचब
लाडवा पुलिस ने इस मामले में बिजली निगम के एसडीओ गौरव लोहचब की शिकायत पर हीरा सिंह, बलकार सिंह, शमेशर सिंह, धर्म सिंह, जगत सिंह, जसपाल, साहब सिंह, कल्याण सिंह, सुरजीत सिंह सहित करीब 50-60 महिलाओं एवं पुरुषों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित कई धारों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसडीओ गौरव लोहचब ने पुलिस को बताया था कि मंगलवार को वह ड्यूटी मजिस्ट्रेट बीडीपीओ अंग्रेज सिंह मोर तथा नायब तहसीलदार बाबैन की देखरेख में पुलिस प्रशासन के साथ म्हारा गांव जगमग गांव योजना के तहत गांव में घरों के बाहर बिजली के मीटर लगाने गए थे। गांववासियों ने बिजली के बाहर मीटर लगाने का विरोध करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली तथा बिजली के मीटर एवं बाक्स को तोड़कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है और बिजली के खंभे पर चढ़े बिजली कर्मचारी को तार खींचकर नीचे गिराकर मारने की भी कोशिश की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है।