कुुरुक्षेत्र। भाजपा प्रत्याशी ने चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए बगैर अनुमति भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की दीवार पर होर्डिंग लगा दिया। इस मामले में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा है कि जरूरी कार्रवाई की जाएगी। वहीं फौरी कार्रवाई करते हुए भाजपा प्रत्याशी का होर्डिग हटा दिया गया। हालांकि भाजपा के जिलाध्यक्ष धुमन सिंह किरमिच का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी।
गौरतलब है कि आदर्श चुनाव संहिता के तहत सभी प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों को चुनिंदा जगहों पर ही प्रचार सामग्री लगाने की अनुमति है। इसके लिए बाकायदा जगह सुनिश्चित की गई हैं। लेकिन भाजपा के बड़े होर्डिग नाभा रियासत के कुरुक्षेत्र सन्निहित सरोवर तट पर स्थित प्राचीन नाभा हाउस की चहार दीवारी व ग्रिल के साथ लोहे के तारों के साथ बांध दिए गए। एएसआई के फोरमैन अनुराग सैनी के मुताबिक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण अपने अधीन प्राचीन विरासतों पर चुनावी होर्डिग लगाने की अनुमति नहीं देता।
कार्रवाई होगी : पुंडीर
चुनाव आयोग की ओर से कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में तैनात आब्जर्वर के लाइजनिंग आफिसर केके पुंडीर के मुताबिक नियमों की अनदेखी करने पर अवश्य कार्रवाई की जाएगी। इसके पहले नोटिस दिया जाएगा।
शिकायत के लिए दिया गलत नंबर
जिला प्रशासन ने शनिवार को अखबारों के दफ्तरों में कुरुक्षेत्र के आब्जर्वर मंजूनाथ केएस का मोबाइल नंबर-09999999488 भेजा था ताकि इसे प्रचारित करके लोगों तक पहुंचाया जा सके। हैरत की बात है कि जब अमर उजाला ने जब इस नंबर पर शिकायत करनी चाही तो यह नंबर गलत पाया गया। बाद में जब सूचना अधिकारी को इसकी जानकारी दी तो इसके बाद जो नंबर दिया गया वह अमरावती का निकला। आखिर में तीसरी बार में सही मोबाइल नंबर मिला जो है- 086019-89990 ।