संवाद न्यूज एजेंसी
लाडवा। इनेलो पार्टी की हलका स्तरीय बैठक वीरवार देर शाम शिवाला रामकुंडी में हुई। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला और प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। चौटाला ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से भाजपा और कांग्रेस ने जनता को केवल चुनावी वादों के सहारे गुमराह किया। लोकतंत्र में जनता ही असली ताकत है।
अध्यक्षता पूर्व विधायक शेर सिंह बड़शामी ने की। चौटाला ने भाजपा, कांग्रेस सहित जेजेपी पर भी पर जमकर निशाना साधा। इनेलो की राजनीति हमेशा किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी और आम आदमी के हितों की आवाज उठाने की रही है। पार्टी ने चौधरी देवीलाल की नीतियों को आगे बढ़ाने का काम किया। चौटाला ने ताऊ देवीलाल जयंती का न्योता देते हुए कहा कि ताऊ देवीलाल की जयंती उनके संघर्ष, विचारधारा और सिद्धांतों को याद करने का अवसर है।
पूर्व विधायक शेर सिंह बडशामी ने कहा कि इनेलो का संगठन अब भी अपने कार्यकर्ताओं की ताकत पर खड़ा है। कार्यकर्ता किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत होते हैं। इनेलो के कार्यकर्ताओं ने हमेशा पार्टी के लिए संघर्ष किया है। प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा सहित कई नेताओं ने बैठक को संबोधित किया और पार्टी की नीतियों से अवगत कराया। इस अवसर पर गगन बड़शामी, करनैल सिंह बकाली, जगदीप दुगारी, स्वीटी भुल्लर, हरीश छाबड़ा, शिवानी, प्रवीण शर्मा, जगीर मेहरा, बालकृष्ण मल्होत्रा आदि मौजूद रहे।