पिहोवा/कुरुक्षेत्र। शहर में पिस्तौल के दम पर पेट्रोल पंप से लूट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में प्रदीप ने बताया कि वह कुरुक्षेत्र-पिहोवा रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन का काम करता है। उसने बताया कि वह रविवार को पंप पर तेल डालने के काम में व्यस्त था।
इसी दौरान तीन युवक बिना नंबर की बाइक सवार होकर पंप पर आए और पेट्रोल डलवाकर चले गए, थोड़ी देर में वापस आए और पिस्तौल दिखाकर उससे 10 हजार 610 रुपये से ज्यादा लूटकर भाग गए। बदमाशों ने धमकी दी कि अगर पुलिस को शिकायत की तो हम तो मरेंगे ही, मगर तुझे भी मार देंगे।
उनके जाने के बाद उसने कमरे में सो रहे अपने साथी बलकार व कर्ण को जगाया और वारदात की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना सदर की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद