कुरुक्षेत्र। जीटी रोड पर लापरवाही से तेज स्पीड में आ रही सफेद कार ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 23 वर्षीय युवक भारत को गंभीर चोटें आई हैं। इसके कारण उनकी बाई बाजू काटनी पड़ी और एक आंख भी क्षतिग्रस्त हो गई। कार चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जिला करनाल के इंद्री व हाल में रहने वाले शाहाबाद के माजरी मोहल्ला निवासी पीड़ित के पिता प्रदीप ने पुलिस चौकी हुडा शाहाबाद में दी शिकायत में बताया कि उनका बड़ा बेटा भारत पहले ऑनलाइन फूड डिलीवरी का काम करता था और अब इसी माह विदेश जाने वाला था। 27 मार्च की सुबह करीब 3:30 बजे किसी दोस्त के फोन आने पर भारत अपनी मोटरसाइकिल लेकर कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर दोस्त को लेने गया था। सुबह चार बजे जब प्रदीप कुमार उठे तो छोटे बेटे ने बताया कि भारत गया है। प्रदीप कुमार ने फोन किया तो किसी यारा गांव रहने वाले साहिल ने फोन उठाया और बताया कि मनमोहन पेट्रोल पंप के पास एक्सीडेंट हो गया है।
साहिल ने बताया कि भारत उससे आगे मोटरसाइकिल पर जा रहा था। मनमोहन पेट्रोल पंप से थोड़ा आगे पहुंचते ही पीछे से एक सफेद कार बहुत तेज रफ्तार और लापरवाही से आई। कार ने मोटरसाइकिल को क्रॉस करते हुए पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का पिछला टायर भारत के ऊपर से निकल गया। कार चालक थोड़ा आगे जाकर रुका और भारत के पास आया, जिसे साहिल ने देख लिया और बाद में पहचानने का दावा किया। जब लोग भारत को संभालने लगे तो कार चालक अपनी गाड़ी लेकर जीटी रोड पर पीपली की ओर भाग गया। मौके पर डायल 112 की टीम पहुंची और घायल को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान संक्रमण के खतरे को देखते हुए भारत की बाईं बाजू काटनी पड़ी और दुर्घटना में उसकी बाईं आंख भी क्षतिग्रस्त हो गई। युवक गंभीर हालत में पीजीआई-12 चंडीगढ़ में भर्ती है।