कुरुक्षेत्र। लाडवा-पिपली रोड पर मंगलवार को आधी रात को हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार 33 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई। मृतक की पहचान यमुनानगर जिले के अलीपुरा गांव निवासी रजत कुमार के रूप में हुई है।
रजत शादीशुदा थे और उनके दो छोटे बच्चे हैं। वह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे, जो हलवाई का काम करके अपने परिवार का गुजर बसर कर रहे थे। रजत कुमार रात करीब एक बजे अपने एक दोस्त को काम से लाने के लिए लाडवा से सोंटी गांव की ओर बाइक पर जा रहे थे। लाडवा-पिपली रोड पर निवारसी काॅलोनी बस अड्डे के पास सड़क के किनारे एक ट्रक बिना किसी चेतावनी संकेत के खड़ा था। सामने से आ रहे वाहनों की तेज लाइट की चकाचौंध के कारण रजत को खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और उनकी बाइक सीधे ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और रजत गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाई और घायल रजत को लाडवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें जिला नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक रजत के मामा सोहन पाल निवासी गांव बनी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि पास के गांव के जितेंद्र सिंह ने कार से गुजरते हुए हादसे को देखा और सूचना दी। जितेंद्र ने पुष्टि की कि ट्रक चालक ने न तो इंडिकेटर का उपयोग किया, न पार्किंग लाइट जलाकर रखी और न ही कोई रिफ्लेक्टर लगाया था। ट्रक बिना किसी सुरक्षा उपाय के खड़ा था जिससे दुर्घटना हुई। थाना लाडवा पुलिस ने ट्रक के नंबर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।