गांव रतनगढ़ के पास सड़क पर खड़े ट्रक से बाइक टकराने पर सीएम सुरक्षा में तैनात बाइक सवार कमांडो जख्मी हो गया। वह निजी काम से बाइक पर चंडीगढ़ जा रहा था।
थाना शाहाबाद पुलिस में दर्ज शिकायत में जितेंद्र कुमार (29) वासी भटगांव (सोनीपत) ने कहा कि वह हरियाणा पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है। उसकी ड्यूटी सीएम सुरक्षा में बतौर कमांडो लगी हुई है। बुधवार को वह पांच दिन की छुट्टी लेकर अपने निजी काम से बाइक पर चंडीगढ़ जा रहा था। बुधवार रात करीब साढ़े 12 बजे गांव रतनगढ़ में एक पेट्रोल पंप के पास उसकी बाइक सड़क पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसने अपने दोस्त विक्रम वासी पुलिस लाइन कुरुक्षेत्र को कॉल करके बुलाया, जिसने उसे शाहाबाद के सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।