कुरुक्षेत्र। श्री खाटू श्याम परिवार सेवा समिति की ओर से खाटू धाम मंदिर में द्वादश के उपलक्ष्य में भव्य श्री श्याम संकीर्तन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य पुजारी आचार्य शंभू प्रसाद ने मुख्य यजमान डॉ. दीपक अग्रवाल से विधिवत श्याम पूजन करवाया। श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर भव्य श्याम दरबार के दर्शन किए। पुष्प श्रृंगार और इत्र की खुशबू से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
गौरी-गणेश पूजन और मां सरस्वती की वंदना के साथ संकीर्तन का शुभारंभ हुआ। कैथल से बहादुर सैनी, फतेहाबाद से सन्नी सेठी और बब्बू चावला ने श्याम भजनों से समां बांधा। उन्होंने तू किरपा कर बाबा कीर्तन करवाऊंगा, दरबार अनोखा, सरकार अनोखी खाटू वाले की हर बात अनोखी, देर न करो न करो इंतजार और शायद मेरे बाबा को ख्याल हमारा आया है सहित कई भजन प्रस्तुत किए। देर रात तक श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे और श्याम जी के जयकारे लगाते रहे।
इस दौरान श्री श्याम रसोई में विशाल भंडारा चलता रहा, जिसमें श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया। पदाधिकारियों ने बताया कि रविवार 29 नवंबर को श्री श्याम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर में वार्षिक समारोह दीदार सांवरे आयोजित होगा, जिसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
श्याम आरती में प्रधान सुभाष सुखीजा, सचिव अटल शर्मा, कोषाध्यक्ष रमेश शर्मा, राजेश मौद्गिल, आशीष चोपड़ा, विनीत राजपाल, राजू छाबड़ा, अशोक शर्मा, कपिल और राजीव बारना सहित अन्य सेवक मौजूद रहे।