पिहोवा के कस्बे के बीडीपीओ कार्यालय में शुक्रवार को दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। झड़प के चलते बीडीपीओ के कमरे के शीशे भी टूट गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से कुछ लोगों को हिरासत में लिया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय बीडीपीओ भी कार्यालय में मौजूद थे। जानकारी के अनुसार गांव बाखली में पिछले कई दशकों से पंचायती जमीन पर रह रहे कुछ परिवारों ने हाईकोर्ट में याचिका डाली थी कि वे जमीन की कीमत पंचायत को देने को तैयार हैं।
इस पर कोर्ट ने इन लोगों को जमीन की एवज में पैसा जमा कराने के आदेश दिए और प्रशासन को भी पैसा जमा कराने का आदेश दिया। इसी संबंध में ये लोग बीडीपीओ से मिलने आए थे कि पैसे जमा कराने की प्रक्रिया क्या है।
जब ये बीडीपीओ से बात कर रहे थे तो दूसरे पक्ष से गांव के ही कुछ लोग भी वहां आ गए। किसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष में मारपीट शुरू हो गई।
मारा-मारी में बीडीपीओ के कमरे के मेन गेट का शीशा चकनाचूर होकर बिखर गया और कांच खून से लथपथ हो गया। किसी तरह वहां मौजूद लोगों व कार्यालय के कर्मचारियों ने झड़प को रोका और सूचना पुलिस को दी। शाम तक घायल अस्पताल में भर्ती थे। वहीं जब बीडीपीओ से बात करने का प्रयास किया गया तो वे मीटिंग में व्यस्त पाए गए।