कुरुक्षेत्र। ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के आह्वान पर बुधवार को पंजाब नेशनल बैंक के कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा जोनल मैनेजर को 26 मई को 18 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया था, जिसपर अभी तक कोई अमल नहीं किया गया।
एसोसिएशन के डिप्टी जनरल सेक्रेटरी व कुरुक्षेत्र सर्कल सेक्रेटरी राय सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ जोन में मैनेजमेंट द्वारा कई सर्कलों में स्वीकृत मैन पावर से बहुत कम वर्किंग स्टाफ का दिया जाना, अधिकारियों की गलत मंशा से ट्रांसफर करना, बैंक कर्मियों को देर रात तक डे एंड पर अनाधिकृत चैक लगाकर बैंकों में बैठाया जाता है। प्रधान कार्यालय के निर्देशानुसार सर्कल लेवल की मासिक बैठक का आयोजन ना करना, कृषि अधिकारियों को अलग से कंप्यूटर उपलब्ध न कराना, दैनिक आधार पर प्रगति सूची मांगना जबकि यह रिपोर्ट एमआईएस में उपलब्ध रहती है। सिंह ने कहा कि बैंक समयावधि से पहले व बाद में कोई बैंक कार्य न करवाए, एसोसिएशन के सर्कल प्रधान विकास मल्होत्रा ने कहा कि अगर जल्द ही कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो बैंक कर्मी हड़ताल करने पर मजबूर होंगे।