कुरुक्षेत्र। एलएनजेपी अस्पताल में अब जल्द ही नवजात शिशुओं की देखभाल और उपचार के लिए अलग से इकाई होगी। पूरी तरह से वातानुकूलित यह इकाई एक सप्ताह बाद शुरू होने जा रही है और इस इकाई पर कुल 45 लाख रुपये खर्च हुआ है। इसके लिए एक जनरेटर भी अस्पताल में मंगाया गया है, जबकि अन्य सामान पहले ही सिविल अस्पताल में पहुंच चुका है। एलएनजेपी में शिशु इकाई स्थापित करने का उद्देश्य नवजात शिशुओं को उचित उपचार उपलब्ध कराना है। यह इकाई खासतौर पर वजन न बढ़ने, रक्त की कमी और समय से पहले जन्म लेने वाले शिशु की देखरेख व उपचार के लिए बनाई जा रही है। इकाई की एक ओर खासियत शिशु स्तनपान कक्ष होगी। इसमें दूध न पीने वाले बच्चों का स्वास्थ्य दुरुस्त रखने का प्रशिक्षण शिशु की मां को दिया जाएगा। बच्चे को दूध पिलाने के गुर भी माताओं को यहां सिखाएं जाएंगे। इतना ही नहीं, इस इकाई में 28 दिन तक के शिशु की देखभाल का प्रबंध भी होगा। इस विभाग में 24 घंटे सर्विस की सुविधा दी जाएगी। यही नहीं, शिशु को घर से लाने और ले जाने की सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि उपचार तो मुफत होगा ही।
कुल 8 वातानुकूलित लगाए गए हैं इकाई में
सीएमओ डा. जेएस ग्रेवाल ने बताया कि एक सप्ताह में यह इकाई बनकर तैयार हो जाएगी। पूरी तरह से वातानुकूलित करने के लिए इस इकाई में कुल आठ एसी भी लगाए गए हैं, जबकि यहां चार फोटोथापी यूनिट और रेटीयंट वाटम तथा शिशु का तापमान नियंत्रण करने के लिए यंत्र उपलब्ध कराए गए हैं।
नए जनरेटर पर होगा सिर्फ नवजात शिशु इकाई का लोड
सीएमओ डा. जेएस ग्रेवाल ने बताया कि अस्पताल में नवजात शिशु इकाई के लिए स्पेशल एक ओर जरनेटर लाया गया है, जोकि 100 केबी का है। इससे पहले एक ओर जनरेटर सिविल अस्पताल में है, लेकिन उस पर एलएनजेपी का लोड है। इकाई के लिए अलग से जनरेटर मंगाया गया है और इस पर केवल नवजात शिशु इकाई का लोड होगा।