फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kurukshetra News: आयुष्मान का 60 करोड़ से अधिक बकाया, एक सितंबर को निजी अस्पतालों में इलाज बंद

विज्ञापन
कुरुक्षेत्र। निजी अस्पताल। संवाद
विज्ञापन
कुरुक्षेत्र। आयुष्मान कार्डधारकों का निजी अस्पतालों में एक सितंबर को इलाज नहीं हो सकेगा। आयुष्मान योजना के तहत इलाज करने वाले जिले के निजी अस्पतालों का सरकार पर 60 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया बाकी है। इसी के चलते इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने एक सितंबर रात 12 बजे के बाद आयुष्मान कार्ड पर इलाज बंद करने का फैसला लिया है। जिले में करीब 30 निजी अस्पताल योजना के पैनल पर हैं। ऐसे में जिले के करीब 8 लाख 39 हजार आयुष्मान कार्डधारकों पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।
विज्ञापन


आईएमए की जिला प्रधान डॉ. सुमन ने कहा कि निजी अस्पताल लंबे समय से आयुष्मान योजना के तहत मरीजों का इलाज कर रहे हैं लेकिन भुगतान अटका हुआ है। उनके अनुसार प्रदेश के निजी अस्पतालों का करीब 1200 करोड़ रुपये बकाया है। सरकार और अस्पतालों के बीच हुए एमओयू में प्रत्येक 15 दिन में भुगतान किए जाने का प्रावधान था। उन्होंने कहा कि अस्पतालों ने मरीजों का इलाज बंद करने का फैसला मजबूरी में लिया है। यदि सरकार जल्द बकाया भुगतान नहीं करती और आयुष्मान योजना के संचालन को लेकर ठोस व्यवस्था नहीं करती तो 17 सितंबर से पूर्ण रूप से इलाज बंद कर दिया जाएगा।

गंभीर मरीजों की बढ़ेगी परेशानी

निजी अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड पर हर महीने बड़ी संख्या में मरीज इलाज और जांच के लिए पहुंचते हैं। इनमें गंभीर बीमारियों से जूझ रहे और ऑपरेशन की जरूरत वाले मरीज भी शामिल हैं। निजी अस्पतालों में आयुष्मान के तहत इलाज बंद होने पर ऐसे मरीजों का दबाव सरकारी अस्पतालों पर बढ़ने की आशंका है। एलएनजेपी अस्पताल में भी आयुष्मान कार्ड के तहत जांच और इलाज की सुविधा उपलब्ध है।
विज्ञापन


30 निजी अस्पताल पैनल पर

जिले में श्री बालाजी आरोग्यम अस्पताल, विर्क अस्पताल, अग्रवाल नर्सिंग होम, सरस्वती मिशन अस्पताल, मिरी पीरी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च, एस मेहता सर्जिकल एंड मैटरनिटी, बीएस हार्ट केयर एंड मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल और सिग्नस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल कुरुक्षेत्र समेत करीब 30 निजी अस्पताल आयुष्मान पैनल पर हैं।

सीएमओ डॉ. विमल ने बताया कि एक सितंबर को सांकेतिक हड़ताल की सूचना मिली है। इसे देखते हुए पीएचसी और सीएचसी को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। किसी भी मरीज को इलाज में परेशानी न हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें