कुरुक्षेत्र। सरकार ने आयुष्मान योजना में इलाज करवाने के लिए कार्ड धारकों के लिए नया फरमान जारी किया है। अब कार्ड धारकों को निजी अस्पताल में इलाज करवाने से पहले अपना कार्ड प्रस्तुत करना होगा।
इलाज के बाद कार्ड प्रस्तुत करने पर योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा और कार्ड धारक को अपनी जेब से अस्पताल का बिल अदा करना पड़ेगा।
दरअसल, जिला स्वास्थ्य विभाग के पास अक्सर निजी अस्पताल संचालकों द्वारा आयुष्मान कार्ड स्वीकृत नहीं करने की शिकायतें मिल रही थी। अधिकारी द्वारा मामले की जांच करने पर अक्सर पाया जाता था कि कार्ड धारक इलाज से पहले अपना कार्ड प्रस्तुत करने की बजाय बाद में दिखाता था। इस तरह के भी कई मामले सामने आए, जिसमें कार्ड धारक ने इलाज के तुरंत बाद अपना कार्ड बनवाया। इसे देखते हुए निजी अस्पताल संचालक लगातार सरकार से इसके समाधान की मांग कर रहे थे।
आईएमए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन भी लगातार इसे लेकर अपना विरोध प्रकट कर रहा था, जिसके बाद सरकार ने इलाज के पूर्व आयुष्मान कार्ड प्रस्तुत करने का फरमान जारी किया है। अब आयुष्मान योजना का लाभ लेने के लिए मरीज को इलाज से पहले कार्ड दिखाना होगा। उसके बाद ही उसे योजना का लाभ मिलेगा। इलाज के बाद अगर कोई नया कार्ड बनवाकर प्रस्तुत करेगा तो वह मान्य नहीं होगा।
बाक्स
कुरुक्षेत्र जिले में छह लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड धारक
जिला नोडल अधिकारी एवं उप-सिविल सर्जन डॉ. रमेश सभ्रवाल ने बताया कि आयुष्मान योजना का लाभ लेने के लिए पात्रों को इलाज से पहले कार्ड प्रस्तुत करना होगा। तभी उसे योजना का लाभ मिलेगा। अगर बाद में प्रस्तुत किया तो उसे योजना का लाभ नहीं मिलेगा। जिला कुरुक्षेत्र में 604467 लोग आयुष्मान कार्ड बनवा चुके हैं। अभी जिले में 11 हजार 894 कार्ड बनाना शेष हैं।